पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत के मामले में 32 नामजद, पुलिस ने 16 लोगों को लिया हिरासत में

0
61

जयपुर/भरतपुर। पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत के मामले में उनकी पत्नी कमलेश भड़ाना ने वैर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर करीब 32 लोगों को नामजद किया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि भौड़ा गांव स्थित खनन पट्टे पर करीब 80 लोग पहुंचे और फायरिंग करने के बाद अतर सिंह भड़ाना पर लाठी-डंडों, सरियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने 16 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के अनुसार मृतक की पत्नी की रिपोर्ट के आधार पर करीब 32 लोगों को नामजद किया गया है। अन्य लोगों को भी मामले में शामिल किया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान के साथ घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

शाम सात बजे खनन पट्टे पर पहुंचे लोग

कमलेश भड़ाना ने रिपोर्ट में बताया कि वह मैसर्स सुभाष चंद, मुकेश चंद खनन पट्टा संख्या 3/93, भौड़ा गांव, वैर में साझेदार हैं। रविवार शाम करीब सात बजे वह अपने पति अतर सिंह भड़ाना के साथ खनन क्षेत्र में बने आवास पर थीं। उस समय लीज पर काम करने वाले कर्मचारी पूरन सिंह, गगन, प्रदीप और कुछ अन्य लोग भी वहां मौजूद थे।

रिपोर्ट के अनुसार इसी दौरान भौड़ा गांव के मुकेश, राजवीर, जगत, बाबू, बनवारी, भागमल, दुल्या, पुष्कर, कपिल, विष्णु, हेमसिंह, गौरव, कौशल, अवतार, जितेंद्र, शिव सिंह, संजय, राधाकिशन, नाहर सिंह, हंसा, प्रकाश, लाखन, ओमराज, राम प्रवेश, रमेश, लाला, बृजबिहारी, हरकेश, केहरी, लाखन और बलराम सहित करीब 80 लोग खनन पट्टे पर पहुंचे। आरोप है कि उनके पास लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे तथा पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।

सिर और शरीर पर वार करने का आरोप

कमलेश के अनुसार, हमलावरों ने अतर सिंह भड़ाना को घेरकर पकड़ लिया और उनके सिर, हाथ, पैर तथा पीठ पर लाठी-सरियों से हमला किया। मारपीट में उनके सिर से खून निकलने लगा और वह बेहोश हो गए। उन्हें बचाने के लिए कर्मचारी गगन, पूरन सिंह, प्रदीप और सुरक्षा गार्ड आगे आए, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।

रिपोर्ट में कमलेश ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके पति और कर्मचारियों को जिंदा जलाने के इरादे से कार्यालय और कमरों में आग लगा दी। खनन क्षेत्र में लगी थ्रेसर मशीनों में तोड़फोड़ भी की गई। पति को बचाने का प्रयास करने पर कमलेश के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का भी आरोप है, जिससे उन्हें चोटें आईं।

करीब 40 अन्य लोगों की पहचान का उल्लेख

एफआईआर में कमलेश भड़ाना ने हमले में शामिल बताए गए करीब 40 अन्य लोगों की पहचान का भी उल्लेख किया है। इनमें बलदेव, सिया, महेंद्र, रविंद्र, गब्बर, दानवीर, भागमल, योगेश, पप्पी, राजू, जितेंद्र, देवेंद्र, बबली, डिग्गो, शिवनरेश, हरिओम, नरेश, कुंज बिहारी पुत्र बृजेश, जल सिंह, लाला राम, जतन और हरनाम सहित अन्य नाम शामिल हैं। आरोप है कि हमलावर मौके पर मौजूद लोगों को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। पुलिस रिपोर्ट में दर्ज नामों के आधार पर सभी की भूमिका की जांच कर रही है।

25 सितंबर की घटना का भी जिक्र

कमलेश भड़ाना ने रिपोर्ट में 25 सितंबर 2026 की एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, उस दिन कुछ लोग क्रेशर परिसर में घुस आए थे और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के साथ क्रेशर में तोड़फोड़ की थी। इस संबंध में 27 सितंबर को वैर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पुलिस ने वर्तमान मामले में रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फायरिंग, मारपीट, आगजनी और तोड़फोड़ से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here