कार रोककर मारपीट कर सोने की चेन और चांदी का ब्रेसलेट लूटने वाले छह बदमाश गिरफ्तार

0
55

जयपुर। सुभाष चौक थाना पुलिस ने कार सवार युवक को रोककर मारपीट करने और सोने की चेन व चांदी का ब्रेसलेट लूटने के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए राहगीरों को निशाना बनाकर मारपीट और लूटपाट करते थे। लूटे गए आभूषणों की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि परिवादी अक्षत गुप्ता ने 9 अक्टूबर को सुभाष चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 अक्टूबर की रात करीब 12:40 से 12:50 बजे के बीच वह कार से घर लौट रहा था। कच्चे बंधा, जेडीए मार्केट, सुभाष चौक के पास करीब 10 लोगों ने उसकी गाड़ी रोक ली।

आरोपियों ने शीशा नीचे करवाकर उसके साथ मारपीट की और सोने की चेन व चांदी का ब्रेसलेट लूटकर फरार हो गए। हमले में उसके चेहरे, शरीर और गले पर चोटें आईं। परिवादी ने बताया कि वह आरोपियों को नहीं जानता था और न ही किसी से उसकी पुरानी रंजिश थी।

वहीं इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी भरत महर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों पर लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। फुटेज के आधार पर मार्ग का चार्ट तैयार किया गया।

आरोपियों के हुलिए और मुखबिर की सूचना के आधार पर अभय उर्फ धुम (20), सौरभ सारसर (24), करण उर्फ काणा (19) और वरुण (20), निवासी राजामल का तालाब, हरिजन बस्ती, सुभाष चौक; ध्रुव कुमार (21), निवासी कमानी रोड, हरिजन बस्ती, झोटवाड़ा; तथा साहिल चावरिया (20), निवासी सीताबाड़ी हरिजन बस्ती, झोटवाड़ा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस आरोपियों से लूटे गए आभूषणों और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here