भारतीय मजदूर संघ के जिला अधिवेशन में श्रमिक हितों पर मंथन कर की नई कार्यकारिणी घोषित

0
60

जयपुर। भारतीय मजदूर संघ, जिला जयपुर का जिला अधिवेशन शनिवार को राजा पार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित हुआ। अधिवेशन में 600 से अधिक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान श्रमिक हितों, लंबित मांगों के समाधान और संगठन की मजबूती पर चर्चा की गई। अधिवेशन के अंतिम सत्र में नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें हनुमान साइन शर्मा को जिला अध्यक्ष, अजय सक्सेना को जिला मंत्री और अक्षय कुमार मीणा को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, सह-संगठन मंत्री हरिओम शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एसके राठौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रंजीत गुर्जर ने की। प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंकी, प्रदेश वित्त सचिव विकास तिवारी, प्रदेश मंत्री आनंद, प्रचारक वास जयंतीलाल, वरिष्ठ प्रचारक, संभाग संगठन मंत्री कैलाश शर्मा और संयुक्त जिला मंत्री नवल किशोर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

लंबित मांगों के समाधान की उठाई मांग

मुख्य वक्ता हरिवंश शर्मा ने दत्तोपंत ठेंगड़ी के जीवन, विचारों और राष्ट्रहित एवं श्रमिक हितों के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाने, संगठन को मजबूत बनाने और विभिन्न प्रस्तावों के क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही राज्य सरकार से श्रमिकों की लंबित मांगों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा विधानसभा में श्रमिकों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया।

विधायक गोपाल शर्मा ने सुबह आयोजित रैली में भाग लिया। उन्होंने श्रमिक प्रतिनिधियों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने और संबंधित मुद्दों को उचित मंच पर उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों में सहयोग की प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं प्रतिनिधियों को बैग भी वितरित किए गए।

तीन सत्रों में हुआ आयोजन

अधिवेशन तीन सत्रों में आयोजित हुआ। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों, श्रमिक समस्याओं, विभिन्न यूनियनों के बीच समन्वय और आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। अधिवेशन में महिला कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। जिला उपाध्यक्ष सीता गुर्जर, रेखा, उर्मिला और कीर्ति सावलका सहित अन्य महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

नई कार्यकारिणी से श्रमिकों की समस्याओं के समाधान, संगठन के विस्तार और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की अपेक्षा जताई गई। अंत में अतिथियों और प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया। इसके बाद भोजन-प्रसादी के साथ अधिवेशन का समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here