गुप्त वृन्दावन धाम में साकार हुआ मथुरा का वृन्दावन: 21 फीट के गोवर्धन पर्वत की झांकी ने मोहा मन

0
25

जयपुर। गोवर्धन पूजा के अवसर पर गुप्त वृन्दावन धाम में मंगलवार को भव्य महोत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान धाम में मथुरा के वृन्दावन जैसा दिव्य दृश्य साकार हो उठा। गोवर्धन पर्वत की आकर्षक झांकी में भगवान श्रीकृष्ण को बाएं हाथ की कनिष्ठा अंगुली पर विशाल पर्वत धारण किए हुए दर्शाया गया। झांकी के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने ‘गिरिराज गोवर्धन की जय’ के जयकारे लगाए, जिससे पूरा धाम भक्तिमय हो गया।

महोत्सव के दौरान 21 फीट ऊंचे गोवर्धन पर्वत का पूजन किया गया। इसे गाय के गोबर तथा भारत की पवित्र नदियों और तीर्थस्थलों के जल से तैयार किया गया था। भगवान श्रीकृष्ण-बलराम का विशेष शृंगार किया गया। उत्सव की खास बात यह रही कि श्रद्धालुओं ने स्वयं गिरिराज गोवर्धन को अर्पित करने के लिए 56 प्रकार के व्यंजन और पकवान तैयार किए। इसके बाद धाम में श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट महाप्रसादी का आयोजन किया गया।

गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना कृष्ण स्वामी ने गोवर्धन लीला का महत्व बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने महज सात वर्ष की आयु में अपने बाएं हाथ की छोटी अंगुली पर विशाल गोवर्धन पर्वत धारण किया था। इस दौरान उन्होंने इंद्र द्वारा भेजे गए प्रलयंकारी तूफान और वर्षा से सात दिनों तक अपने भक्तों की रक्षा की थी। महोत्सव में गोवर्धन लीला की इसी दिव्य स्मृति को झांकी के माध्यम से जीवंत किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here