अन्नकूट महोत्सव की धूम: गोविंददेवजी को 56 भोग के साथ 25 प्रकार के कच्चे भोग अर्पित

0
13
56 offerings are made to Govinddevji.

जयपुर। दीपावली की जगमगाहट के बीच मंगलवार को छोटी काशी जयपुर में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण और ठाकुरजी का विशेष शृंगार कर नवीन पोशाक धारण करवाई गई। इसके बाद छप्पन भोग और नए अन्न से तैयार विभिन्न पकवान अर्पित किए गए। मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गईं और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। घरों में भी महिलाओं ने प्रवेश द्वार पर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर फूलों और पत्तियों से सजाया तथा विधि-विधान से पूजा की।

गोविंददेवजी को 105 साल पुरानी पोशाक धारण कराई

जयपुरवासियों के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी के सान्निध्य में अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। ठाकुरजी को अभिषेक के बाद नवीन पोशाक धारण करवाई गई और छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। इस अवसर पर भगवान को बाजरा, मूंग, मोठ और चोले सहित 25 प्रकार के कच्चे भोग भी अर्पित किए गए। सर्दी के मौसम को देखते हुए गर्म तासीर वाले व्यंजनों का भोग लगाया गया।

विशेष अवसर पर ठाकुरजी को करीब 105 साल पुरानी सोने-चांदी और जरी से जड़ित राजसी पोशाक धारण कराई गई। यह पोशाक पूर्व महाराजा माधोसिंह की ओर से शुरू की गई परंपरा के अनुसार धारण कराई जाती है। मंदिर के पश्चिमी द्वार पर महंत परिवार की ओर से गोवर्धन पर्वत के साथ गाय और बछड़े का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर अन्न-धन की संपन्नता और सुख-समृद्धि की कामना की।

राजराजेश्वर महादेव मंदिर में साल में दूसरी बार खुले पट

गोवर्धन पूजा पर सवाई रामसिंह की ओर से बनवाए गए राजराजेश्वर महादेव मंदिर में भी विशेष आयोजन हुआ। मंदिर को राजसी वैभव के साथ सजाया गया और भगवान शिव को नए अन्न से तैयार व्यंजनों का भोग लगाया गया। शहरभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मान्यता के अनुसार शिवरात्रि के अलावा गोवर्धन पूजा ऐसा विशेष अवसर है, जब आमजन को मंदिर में प्रवेश और भगवान के दर्शन का अवसर मिलता है। इस दौरान अन्नदान भी किया गया।

प्रतिपदा तिथि के आधार पर 10 नवंबर को हुई पूजा

पंडित राजेश कुमार शर्मा के अनुसार कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे शुरू हुई थी, जो 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रही। जयपुर में गोवर्धन पूजा का सुबह का शुभ मुहूर्त 6:43 से 8:54 बजे तक था। प्रतिपदा तिथि के आधार पर मंगलवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। तिथि में अंतर के कारण इस बार दीपावली के अगले दिन के बजाय 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा हुई।

गोवर्धन पूजा का धार्मिक महत्व

पंडित बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के वर्षा रूपी प्रकोप से गोकुलवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठा लिया था। इससे इंद्र का अहंकार टूट गया। गोवर्धन पर्वत प्रकृति और गौवंश के संरक्षण का प्रतीक माना जाता है। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है। इस दिन घरों और मंदिरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बनाकर पूजन किया जाता है तथा नए अन्न से तैयार पकवानों का अन्नकूट भोग लगाया जाता है।

भाईदूज के साथ होगा दीपोत्सव का समापन

दीपोत्सव का अंतिम पर्व भाईदूज बुधवार, 11 नवंबर को मनाया जाएगा। इस अवसर पर बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। भाई भी बहनों को उपहार देंगे। इसके साथ ही छह दिन तक चलने वाले दीपोत्सव का समापन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here