बरसाना धाम में श्रद्धा और उल्लास से मना अन्नकूट महोत्सव

0
22

जयपुर। छोटी काशी जयपुर के अजमेर रोड स्थित नीलकंठ कॉलोनी के श्री शुक संप्रदाय आचार्य पीठ, बरसाना धाम में दीपावली महोत्सव के अंतर्गत भव्य अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सानिध्य में ठाकुरजी की छप्पन भोग एवं अन्नकूट की मनमोहक झांकी सजाई गई। इस अवसर पर ठाकुरजी को सकरे-अनसकरे सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया ।

सरस निकुंज के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि दोपहर की बेला में ठाकुरजी के छप्पन भोग एवं अन्नकूट झांकी के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा । गिरिराज महाराज के पदों के मधुर गायन के बीच भक्तों ने ठाकुरजी से लाड़ लड़ाए । आयोजन में छोटी काशी के अनेक संत-महंतों ने पहुंचकर ठाकुरजी की झांकी के दर्शन किए।महोत्सव के अवसर पर सरस परिकर का दीपावली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया।

इसमें भक्तों ने महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त किया । परिकर की ओर से भक्तों का सम्मान किया गया। वहीं, हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर अन्नकूट महाप्रसादी ग्रहण की ।अन्नकूट महोत्सव के उपलक्ष्य में बरसाना धाम को विशेष फूलों की बंदरवार, आकर्षक रंगोलियों और मनमोहक रोशनी से सजाया गया । पूरे परिसर में भक्ति, उल्लास और उत्सव का वातावरण बना रहा ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here