जयपुर। आमेर रोड स्थित जलमहल के पास श्री बलदेवजी परशुरामद्वारा मंदिर में अन्नकूट महोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मंदिर के पुजारी श्रीकृष्ण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव की शुरुआत ठाकुरजी के विशेष श्रृंगार और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भव्य अन्नकूट भोग अर्पित किया गया।
भोग लगाने के पश्चात पंगत प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं को चावल, मूंग, बाजरा, मोठ, कढ़ी, सब्जी-पूड़ी और विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। मंदिर परिसर जयकारों से गूंजता रहा और देर रात तक श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में स्थानीय लोगों और दर्शनार्थियों का विशेष उत्साह देखने को मिला।

















