जयपुर। सुभाष चौक, पानो का दरीबा स्थित श्री शुक सम्प्रदाय आचार्य पीठ ‘श्री सरस निकुंज’ में बुधवार को यम द्वितीया एवं भाई दूज का पर्व अत्यंत श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर आचार्य पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण जी महाराज के पावन सान्निध्य में श्री यमुनाजी का विधिवत पूजन कर विशेष पद-गायन किया गया। उत्सव के दौरान ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी जी सरकार की अत्यंत मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसके श्रद्धालुओं ने विशेष दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि प्रातः 10 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक विशेष दर्शन का आयोजन हुआ। यम द्वितीया के धार्मिक महत्व के अनुसार यमुनाजी की आराधना कर सभी के परिवार में सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय पद-गायन और भजनों से गूंजायमान रहा।

















