पुरानी रंजिश में 5-6 युवकों ने लाठी-सरियों से हमला कर फिर किया चाकू से वार

0
157

जयपुर। सुभाष चौक थाना इलाके में चार दिन के भीतर चाकूबाजी की दूसरी घटना सामने आने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सोमवार रात करीब 9:30 बजे चारदरवाजे से सुभाष चौक आने वाले रास्ते पर वार्ड 114 के पार्षद मोहम्मद जाकरिया के कार्यालय के पास पुरानी रंजिश को लेकर 5-6 युवकों ने एक युवक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले लाठी-सरियों से मारपीट की और बाद में चाकू से तीन वार किए। हमले में भांकरोटा निवासी सरफराज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एसएमएस अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर पार्षद मोहम्मद जाकरिया और घायल के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए भट्टा बस्ती निवासी रहीस और उसके साथियों पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया।
घटना के चश्मदीद फैजान कुरैशी ने बताया कि सरफराज उसका दोस्त और भाई जैसा है। वह अपने मामा के घर के पास उससे मिलने आया था।

फैजान भी वहां अपने माल के 42 हजार रुपए का भुगतान लेने पहुंचा था। इसी दौरान रहीस अपने 5-6 साथियों के साथ वहां आया और सरफराज पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से तीन वार किए। इनमें एक वार कंधे के नीचे और दो वार पेट में किए गए।

फैजान के अनुसार 5-6 दिन पहले हांडीपुरा में दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी बात को लेकर सरफराज और रहीस के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद रहीस ने अपने साथियों को बुलाकर सरफराज पर हमला कर दिया। सरफराज पहले इसी इलाके में रहता था, लेकिन वर्तमान में भांकरोटा में रह रहा है।

दोनों पक्षों को भट्टा बस्ती में एक दावत में जाना था। सरफराज की वैशाली नगर में कपड़ों की दुकान है और उसके दो बच्चे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच तलाक के मामले को लेकर भी विवाद चल रहा था। इस संबंध में पहले दोनों पक्षों की ओर से परिवाद दर्ज करवाए जा चुके हैं। कुछ दिन पहले हांडीपुरा में भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते सोमवार रात हमला होने की बात सामने आई है।

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रहीस सहित वारदात में सहयोग करने वाले कुछ युवकों को डिटेन किया है। एसीपी पीयूष काबिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here