जयपुर। छोटी काशी जयपुर में देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर 21 नवंबर को वृन्दा रानी (तुलसी महारानी) और भगवान शालिग्राम (नारायण शिला) का भव्य विवाह महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर खजाने वालों का रास्ता स्थित पांडे भवन से भगवान शालिग्राम की भव्य बारात निकाली जाएगी। आकर्षक रथ में भगवान शालिग्राम की दिव्य झांकी सजाई जाएगी। बैंड-बाजे और रामनाम संकीर्तन के साथ संत-महंतों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु बारात में शामिल होंगे।
बारात विभिन्न मार्गों से होती हुई 35 माधो बिहारी जी का आहता, संसार चंद्र रोड स्थित विवाह स्थल पहुंचेगी। यहां गोधूलि बेला में तुलसी महारानी और भगवान शालिग्राम के विवाह की रस्में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से संपन्न कराई जाएंगी। विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार वरमाला, पूजन सहित विभिन्न मांगलिक रस्में होंगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
विवाह महोत्सव के तहत गणपति निमंत्रण के साथ मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। 19 नवंबर को सुबह 11 बजे सांकड़ी बिंदायक का आयोजन किया जाएगा। वहीं 20 नवंबर को शाम 5 बजे से महिला संगीत कार्यक्रम होगा।
इसके बाद 21 नवंबर को शाम 5 बजे बारात का स्वागत किया जाएगा तथा गोधूलि बेला में तुलसी-शालिग्राम विवाह की रस्में संपन्न होंगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होकर भगवान के दिव्य विवाह महोत्सव के साक्षी बनने का आह्वान किया है।

















