सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर आधी रात को ‘शोले’ स्टाइल में ताबड़तोड़ फायरिंग

0
7
'Sholay'-style rapid-fire shooting at Sitarampura toll plaza in the middle of the night
'Sholay'-style rapid-fire shooting at Sitarampura toll plaza in the middle of the night

जयपुर। सांगानेर सदर थाना इलाके में बिना नंबरी सफेद कैंपर गाड़ी में सवार बदमाशों ने सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर जमकर उत्पात मचाया और टोल कर्मियों पर जानलेवा फायरिंग कर दी। हालांकि, जयपुर दक्षिण पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए आदतन अपराधी डी.के. गुर्जर और उसके साथी को दबोच लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि घटना 19 नवंबर की रात करीब 12 बजे सीतारामपुरा टोल प्लाजा के सहायक मैनेजर भूरी सिंह राजपूत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात के समय टोल पर काम सामान्य रूप से चल रहा था। तभी वाटिका की तरफ से एक बिना नंबरी सफेद रंग की कैंपर गाड़ी तेज रफ्तार में आई और लेन नंबर 23 का बूम बैरियर तोड़ते हुए बगरू की तरफ निकल गई।

बदमाशों की हिमाकत यहीं नहीं रुकी। महज 5 से 7 मिनट बाद वही कैंपर गाड़ी वापस घूमकर टोल पर आ धमकी। गाड़ी टोल की बंद पड़ी लेन नंबर 3 में घुसी और स्टॉपर तोड़ते हुए बूम बैरियर के पास जा रुकी। शोर सुनकर टोल कर्मी अभिषेक और विपिन मौके की तरफ दौड़े।

गाड़ी के ड्राइवर ने रौब झाड़ते हुए बूम हटाने को कहा और खुद का नाम ‘डी.के. गुर्जर’ बताया। जैसे ही टोल कर्मी विपिन बूम हटाने लगा, बेखौफ बदमाश डी.के. गुर्जर ने टोल कर्मियों को डराने और जान से मारने की नीयत से उन पर सीधा फायर झोंक दिया। गोली चलने से टोल प्लाजा पर दहशत फैल गई और बदमाश बिना नंबरी कैंपर लेकर मौके से फरार हो गए।

टोल प्लाजा जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई फायरिंग और आमजन में फैली दहशत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी। पुलिस ने तुरंत विशेष टीम का गठन कर एफएसएल टीम की सहायता से मौके से अहम सबूत जुटाए। तकनीकी सहायता और सटीक मुखबिरी के दम पर पुलिस ने घेराबंदी कर आदतन बदमाश धनराज गुर्जर उर्फ डी.के. गुर्जर (36), पुत्र सूरजमल गुर्जर, निवासी ग्राम सूरजपुरा, सांगानेर सदर व बनवारी मीणा उर्फ बन्नू चांदा (24), पुत्र पूरणमल मीणा, निवासी ग्राम थूणी मंगलदास, कोटखावदा को गिरफ्तार कर लिया।

इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एसआई धर्मवीर सिंह, एएसआई रामावतार, एएसआई हेमराज, कांस्टेबल संदीप ( विशेष भूमिका), कांस्टेबल रामवतार (विशेष भूमिका), कांस्टेबल जीत सिंह, कांस्टेबल हनुमान और कांस्टेबल रामवतार शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here