जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना शुक्रवार को सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में शांतिपूर्ण संपन्न हुई। जिला परिषद के 57 वार्डों में से 55 के परिणाम घोषित किए गए। इनमें कांग्रेस ने 41, भाजपा ने 12 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 2 वार्डों में जीत दर्ज की।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिले की 22 पंचायत समितियों के कुल 386 वार्डों में से 383 के परिणाम घोषित हुए हैं। इनमें कांग्रेस के 216, भाजपा के 87, आरएलपी के 60 और अन्य के 20 सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण जिला परिषद के दो और पंचायत समितियों के तीन वार्डों के परिणाम घोषित नहीं हो सके। इसके चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने पांच मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान के आदेश जारी किए हैं।
इनमें जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र संख्या 13 के बूथ संख्या 60 और निर्वाचन क्षेत्र संख्या 52 के बूथ संख्या 81 के साथ पंचायत समिति दूदू के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 06 के बूथ संख्या 62, शाहपुरा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 06 के बूथ संख्या 34 तथा चौमूं के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 25 के बूथ संख्या 142 शामिल हैं।
आयोग के निर्देशानुसार इन पांचों मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर 2026 को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान होगा। इसके बाद उसी दिन रात 9 बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला परिषद के संबंधित वार्डों की मतगणना जिला मुख्यालय पर, जबकि पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर करवाई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों, जनप्रतिनिधियों और आम मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

















