इंस्टाग्राम पर ब्यूटी प्रोडक्ट खरीदने के चक्कर में युवती से 1.07 लाख रुपए की ठगी

0
35

जयपुर। बिंदायका थाना इलाके में इंस्टाग्राम पर ब्यूटी प्रोडक्ट खरीदने के नाम पर एक युवती से 1.07 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पहले वीडियो कॉल कर युवती को ब्यूटी प्रोडक्ट दिखाए और ऑनलाइन भुगतान करवाया।

रुपए मिलने के बाद न तो सामान भेजा और न ही रकम वापस लौटाई। उल्टे संपर्क करने पर युवती को एफआईआर दर्ज करवाने की धमकी दी। पीड़िता ने शुक्रवार दोपहर बिंदायका थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

जांच अधिकारी एएसआई नरेश चंद ने बताया कि सिंवार बिंदायका निवासी ज्योति (32) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 16 नवंबर को वह इंस्टाग्राम पर रील देख रही थी। इसी दौरान ब्यूटी प्रोडक्ट मंगवाने के लिए एक लिंक दिखाई दिया। उसने लिंक पर क्लिक कर अपनी जानकारी और मोबाइल नंबर दर्ज कर दिया।

जानकारी दर्ज करने के बाद युवती के व्हाट्सएप नंबर पर संदेश आया। इसके बाद चैटिंग के जरिए ब्यूटी प्रोडक्ट के बारे में जानकारी ली गई। ठगों ने वीडियो कॉल कर युवती को सभी ब्यूटी प्रोडक्ट दिखाए। बातचीत के दौरान उसे बताया गया कि सामान मंगवाने के लिए ऑनलाइन भुगतान करना होगा। इस पर युवती ने 1.07 लाख रुपए का भुगतान कर दिया।

रुपए जमा करवाने के बाद भी युवती को सामान डिलीवर नहीं किया गया। संपर्क करने पर ठगों ने कहा कि उसका सामान लॉकर में रखवा दिया गया है और उसे लॉकर के रुपए देने होंगे। ऐसा नहीं करने पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की धमकी दी। इसके बावजूद न तो ब्यूटी प्रोडक्ट भेजे गए और न ही युवती के रुपए लौटाए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here