जयपुर। राजधानी में चोरों ने शादी समारोह में शामिल होने गई युवती की कार को निशाना बनाते हुए शीशा तोड़कर सामान चोरी कर लिया। चोर कार में रखा आईपैड, लॉ की किताबें, नकदी, मेकअप किट, पावर बैंक और एडिडास कंपनी के जूते तक ले गए। पीड़िता की शिकायत पर जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता विधुती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 20 नवंबर को वह अपनी सहेली के भाई की शादी में शामिल होने पैराडाइज मैरिज गार्डन गई थी। उसने अपने पिता की कार शाम करीब 7:30 बजे मैरिज गार्डन के सामने जेएलएन मार्ग पर खड़ी की थी।
पीड़िता ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे जब वह वापस लौटी तो कार का पिछला शीशा टूटा हुआ मिला। कार की जांच करने पर उसमें रखा सामान गायब मिला। चोर आईपैड, लॉ की किताबें, मेकअप किट, पावर बैंक और अन्य सामान के साथ 5300 रुपए नकद भी चोरी कर ले गए। चोर कार में रखे एडिडास कंपनी के जूते भी ले गए।
पीड़िता की रिपोर्ट पर जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने सहित अन्य पहलुओं से जांच कर रही है।
















