108 कुंडीय लक्ष्मी प्राप्ति महायज्ञ में सुख-समृद्धि और ऋणमुक्ति के लिए दीं आहुतियां

0
52

जयपुर। सांगानेर स्थित श्री भागवत धाम आजाद नगर में रविवार को आदित्य ज्योतिष शोध संस्थान के तत्वावधान में 108 कुंडीय लक्ष्मी प्राप्ति महायज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञाचार्य जैनेन्द्र कटारा के आचार्यत्व में आयोजित महायज्ञ में ऋणमुक्ति, धनपुष्टि, लक्ष्मी प्राप्ति, आयुष्पुष्टि एवं गौपुष्टि के संकल्प के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित की गईं। सुबह 9 से शाम 4 बजे तक चले इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

महायज्ञ में ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद की परंपराओं के अनुरूप विशेष वैदिक अनुष्ठान संपन्न हुए। 108 हवन कुंडों में एक साथ मंत्रोच्चार और आहुतियों के माध्यम से परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली की कामना की गई।

संस्थान की सुनीता कटारा ने बताया कि महायज्ञ के प्रथम चरण में सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक ऋणमुक्ति एवं धनपुष्टि यज्ञ हुआ। इसके बाद विश्राम और अल्पाहार रखा गया। दोपहर 1 से 3 बजे तक लक्ष्मी प्राप्ति महायज्ञ संपन्न हुआ। पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया।

धन के साथ अन्न, आरोग्य और सद्बुद्धि की भी प्रतीक हैं मां लक्ष्मी

यज्ञाचार्य जैनेन्द्र कटारा ने कहा कि सनातन धर्म में मां लक्ष्मी को धन, वैभव, ऐश्वर्य और सौभाग्य की अधिष्ठात्री देवी माना गया है, लेकिन उनका स्वरूप केवल धन-संपत्ति तक सीमित नहीं है। अन्न, आरोग्य, ज्ञान, संतान, साहस, विजय और सद्बुद्धि भी समृद्ध जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। मां लक्ष्मी की कृपा का अर्थ भौतिक समृद्धि के साथ मानसिक शांति, संतोष और पारिवारिक खुशहाली भी है।

उन्होंने कहा कि लक्ष्मी प्राप्ति यज्ञ के माध्यम से वैदिक मंत्रों और अग्नि में आहुतियां अर्पित कर जीवन में सुख-समृद्धि, शुभता और सकारात्मकता की कामना की गई। धन तभी सार्थक है, जब उसका उपयोग परिवार, समाज और जरूरतमंदों के कल्याण में भी किया जाए।

ऋणमुक्ति के साथ आर्थिक अनुशासन का संदेश

संस्थान के राजेंद्र सिंह गोहिल ने कहा कि ऋण केवल आर्थिक भार नहीं, बल्कि मानसिक चिंता और अशांति का कारण भी बनता है। ऋणमुक्ति यज्ञ में आर्थिक संकट और जीवन की बाधाओं से मुक्ति की कामना के साथ आहुतियां दी गईं। इसका आध्यात्मिक संदेश संयम, सद्बुद्धि, परिश्रम और आर्थिक अनुशासन के साथ जीवन में आगे बढ़ना है। इस दौरान कन्याओं के कल्याण के लिए भी आहुतियां अर्पित की गईं।

महायज्ञ में आयुष्पुष्टि और गौपुष्टि के संकल्प भी शामिल रहे। आयुष्पुष्टि के माध्यम से उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई, जबकि गौपुष्टि के जरिए गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और समृद्धि का संदेश दिया गया।

अन्नकूट प्रसादी में उमड़े श्रद्धालु

महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए तथा अन्नकूट प्रसादी का आयोजन हुआ। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में केदार गुप्ता, वासुदेव हेमराजानी, मुरलीधर गोयल, मोहन लश्करी, पवन जैन, तुलसी संगतानी, विशाल गुप्ता, कृष्ण गोपाल शर्मा और अविनाश गर्ग सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। महायज्ञ के माध्यम से धन, धर्म, आरोग्य, सद्बुद्धि, गौसंरक्षण और लोककल्याण की भावना का संदेश दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here