आईफा कनेक्ट्स में भारतीय सिनेमा के भविष्य पर हुआ मंथन

0
25

जयपुर। इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (आईफा) वीकेंड एंड अवॉर्ड्स की ओर से आईफा कनेक्ट्स के चौथे संस्करण ‘द नेक्स्ट टेक’ का आयोजन मुंबई में किया गया। इसमें फिल्मकारों, कलाकारों और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़ी हस्तियों ने भारतीय सिनेमा के भविष्य, नई प्रतिभाओं के अवसरों और फिल्म निर्माण की चुनौतियों पर चर्चा की।

इस कार्यक्रम में फिल्मकार शकुन बत्रा, निखिल आडवाणी, शाजिया इकबाल, करण सिंह त्यागी और अभिनेता प्रतीक गांधी शामिल हुए। चर्चा का संचालन गेलिन मेंडोंका ने किया। वक्ताओं ने पहली फिल्म बनाने, निर्माता का विश्वास हासिल करने, रचनात्मक स्वतंत्रता और व्यावसायिक जरूरतों के बीच संतुलन, बदलती दर्शक पसंद तथा नए डिजिटल मंचों की भूमिका पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि नए कहानीकार और अलग-अलग दृष्टिकोण भारतीय सिनेमा को नई दिशा दे रहे हैं।

आईफा के सह-संस्थापक आंद्रे टिमिन्स ने कहा कि आईफा कनेक्ट्स का उद्देश्य मनोरंजन, मीडिया, फैशन, संगीत, कारोबार और संस्कृति से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर सार्थक संवाद और सहयोग के अवसर उपलब्ध कराना है। यह मंच स्थापित हस्तियों और उभरती प्रतिभाओं के बीच संपर्क मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है।

कार्यक्रम में हाउस ऑफ एनवी ने सहयोग किया। एनवी ग्रुप के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी वरुण जैन ने कहा कि आईफा के साथ साझेदारी संस्कृति, रचनात्मकता और मनोरंजन जगत की प्रमुख हस्तियों को जोड़ने का अवसर है। समूह के ब्रांड स्मोक लैब वोडका और मोहुलो जिन इस आयोजन से जुड़े रहे।

मुंबई के मर्सी मुंबई में आयोजित इस कार्यक्रम में मर्सी मुंबई के सह-संस्थापक गौरव एच. पारिख ने कहा कि आईफा कनेक्ट्स विभिन्न उद्योगों की प्रतिभाओं को जोड़कर नई साझेदारियों और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करता है।

आईफा पिछले 26 वर्षों से भारतीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाने और विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध मजबूत करने के लिए कार्यरत है। इसके आयोजन पर्यटन, व्यापार, निवेश और फिल्म निर्माण में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को भी प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम से अर्बन विलेज म्यूजिक और वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी वर्नोस्ट भी जुड़े रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here