जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को 43.40 प्रतिशत वोट, 24 जिलों में जीत का दावा: डोटासरा

0
17
Congress got 43.40 percent votes in the Zila Parishad elections
Congress got 43.40 percent votes in the Zila Parishad elections

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस को मिली सफलता पर प्रदेशवासियों का आभार जताते हुए नव निर्वाचित जिला प्रमुखों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि घोषित 37 जिलों के परिणामों में कांग्रेस को 43.40 प्रतिशत और भाजपा को 37.79 प्रतिशत वोट मिले हैं। कांग्रेस भाजपा से 14 लाख से अधिक मतों से आगे रही। विधानसभा चुनाव में भाजपा से 2.5 प्रतिशत मतों से पीछे रही कांग्रेस ने अब 5.60 प्रतिशत की बढ़त हासिल की है।

डोटासरा के अनुसार, जिला परिषद के 1275 वार्डों में कांग्रेस ने 62.43 प्रतिशत और भाजपा ने 28.15 प्रतिशत वार्डों में जीत दर्ज की। कांग्रेस ने 24 जिला परिषदों में विजय प्राप्त की है। पंचायत समितियों में 300 से अधिक में कांग्रेस का बहुमत है, जबकि भाजपा करीब 60 में बहुमत हासिल कर सकी है। उन्होंने दावा किया कि ब्यावर में भाजपा के बहुमत के बावजूद कांग्रेस का जिला प्रमुख बना, जबकि डीडवाना-कुचामन में बराबरी के बाद पर्ची से फैसला हुआ।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से भाजपा जिन 13 जिलों में जीतती रही, उनमें से 10 में इस बार कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। इनमें भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, चूरू, जयपुर, जालोर, राजसमंद, सीकर, सिरोही और टोंक शामिल हैं। चित्तौड़गढ़ में भाजपा 15 वर्षों से जीत रही थी। वहीं, आठ नवगठित जिलों में से चार में कांग्रेस को बहुमत मिला है। भरतपुर में कांग्रेस के 18 जिला परिषद सदस्यों ने पार्टी का जिला प्रमुख निर्वाचित करवाया। उन्होंने आरोप लगाया कि डीग में झूठे मुकदमों की धमकी देकर कांग्रेस सदस्यों को तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन भाजपा की कोशिशें सफल नहीं हुईं। चूरू में कुछ लोगों पर पार्टी से गद्दारी करने का आरोप भी लगाया।

डोटासरा ने कहा कि वर्ष 2015 में भाजपा का मत प्रतिशत 48.22 था, जो अब घटकर 37.79 प्रतिशत रह गया है। लोकसभा चुनावों की तुलना में भी भाजपा का मत प्रतिशत 21 प्रतिशत नीचे आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनावों में परिसीमन और प्रशासन के दुरुपयोग के बावजूद भाजपा ने बोर्ड बनाए थे। उस समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रचंड बहुमत की जीत का संदेश दिया था, अब उन्हें हार स्वीकार करते हुए ट्वीट करना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर भरतपुर में जिला प्रमुख का उपचुनाव तीन साल तक नहीं करवाने और सरकार पर कुशासन, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध, बेरोजगारी तथा महंगाई को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गैंगस्टर हत्याएं, लूट, अपहरण, डकैती और जेलों से धमकियों की घटनाएं बढ़ रही हैं। आरपीएससी की कार्यप्रणाली, खाली पड़े आयोगों और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने हार की जिम्मेदारी स्वीकार की है, लेकिन मुख्यमंत्री ने अब तक नैतिक जिम्मेदारी नहीं ली है।

डोटासरा ने कहा कि चुनाव परिणामों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घमंड नहीं करना चाहिए, बल्कि इसे जनता की जिम्मेदारी मानकर गांव, गली और मोहल्लों तक पहुंचना चाहिए। कांग्रेस जनता के मुद्दों पर संघर्ष करेगी और आमजन के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में वोट चोरी, मनरेगा बंद करने, संविधान पर हो रहे प्रहार तथा दलितों और पिछड़ों के अधिकारों के मुद्दों पर कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here