नहर के गणेशजी मंदिर में आज किया जाएगा विशाल फूलबंगला महोत्सव व भजन संध्या का आयोजन

0
27
A Panchamrit Abhishek will be performed at the Shri Nahar Ke Ganeshji Temple on the auspicious occasion of Guru-Pushya Yoga.
A Panchamrit Abhishek will be performed at the Shri Nahar Ke Ganeshji Temple on the auspicious occasion of Guru-Pushya Yoga.

जयपुर। ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित नगर के प्राचीन सिद्धिप्रदाता दाहिनी सूंड़ दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेशजी महाराज मंदिर में आज विशाल फूलबंगला महोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम मंदिर महंत पं. जय शर्मा के सान्निध्य में आयोजित होगा।

मंदिर युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि महोत्सव के तहत प्रातःकाल भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद उन्हें नवीन पोशाक एवं रजत मुकुट धारण करवाकर मंगला आरती की जाएगी। साथ ही गणेशजी का मोगरा, रजनीगंधा, गुलाब, हजारा, नवरंगा, आसापाला सहित विभिन्न विदेशी पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित आकर्षक फूलबंगला झांकी भी सजाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि सायं 5 बजे भक्तजन गजानंदजी महाराज की मनोहारी फूलबंगला झांकी एवं आरती के दर्शन कर सकेंगे। इसके पश्चात मंदिर परिसर के जगमोहन में विशाल भक्ति संध्या का आयोजन होगा।

भजन संध्या में देश और प्रदेश के ख्यातनाम शास्त्रीय, उपशास्त्रीय एवं सुगम संगीत के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सरस्वती देवी एवं उनकी बहन, पारिक बंधु, आकांक्षा राव, गोपालसिंह राठौड़, गोपाल खींची, सांवरा जी कथक, खुशी, भावना, हेमराज, रतनलाल, वाहिद खान पिंटू, बुंदु खान और मुकेश मीणा भजन एवं संगीत की प्रस्तुतियां देंगे।

वाद्य संगीत में सेक्सोफोन पर अम्बालाल, वायलिन पर संजीव शर्मा, सितार पर किशन कथक तथा तबले पर दिनेश खींची, दिलशाद खान, सद्दाम खान और विजय बारेठ अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का संचालन राजेश आचार्य एवं आर.डी. अग्रवाल करेंगे।

मंदिर परिवार की ओर से कार्यक्रम में आमंत्रित सभी कलाकारों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here