जयपुर। जगतपुरा क्षेत्र में नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर प्रस्तावित 80 फीट चौड़ी सड़क के निर्माण के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी। जेडीए की प्रवर्तन शाखा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में 12 अवैध निर्माणों को हटाया। कार्रवाई के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में धारा 163 लागू रही और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
मंगलवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई के दौरान जेडीए की टीम ने सबसे पहले सड़क सीमा में आने वाले अवैध निर्माणों को चिह्नित किया और उसके बाद उन्हें हटाया गया। इस दौरान सड़क क्षेत्र में बने एक धार्मिक स्थल की दीवार और चबूतरे को भी हटाया गया। इसके अलावा पूर्व में हटाए गए निर्माणों तथा धार्मिक स्थलों के मलबे को भी साफ कराया गया।
जेडीए अधिकारियों के अनुसार नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनने वाली सड़क की चौड़ाई 80 फीट निर्धारित की गई है। सड़क सीमा और नियोजित विकास क्षेत्र में आने वाले कई निर्माण यातायात व्यवस्था तथा भविष्य की विकास योजनाओं में बाधा बन रहे थे। इसी कारण संबंधित पक्षों को पहले नोटिस जारी कर निर्माण हटाने की सूचना दी गई थी।
निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद अब प्राधिकरण द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क सीमा में आने वाले अवैध निर्माणों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और क्षेत्र का विकास मास्टर प्लान के अनुरूप करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के जवान और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई तथा कार्रवाई स्थल के आसपास किसी को भी रुकने की अनुमति नहीं दी गई।
जेडीए अधिकारियों ने बताया कि कुछ निर्माणकर्ताओं द्वारा न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त कर लिया गया है। ऐसे निर्माणों को फिलहाल नहीं हटाया गया है। शेष अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को शुरू हुए अभियान के पहले दिन जेडीए ने पांच धार्मिक स्थलों सहित 125 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाया था। दूसरे दिन भी अभियान जारी रखते हुए 12 और निर्माणों पर कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर आगामी दिनों में भी अभियान जारी रखा जाएगा। जेडीए का कहना है कि शहर में अवैध निर्माणों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



















