जयपुर। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी के बलिदान दिवस पर राजधानी जयपुर में श्रद्धांजलि सभा और देश भक्ति संगीत संध्या का आयोजन किया गया। राजीव गांधी इंस्पिरेशन फाउंडेशन की ओर से “एक शाम राजीव गांधी के नाम” कार्यक्रम स्वेज फार्म, सोडाला स्थित हीरा वैली रिसोर्ट में आयोजित हुआ, जहां देशभक्ति गीतों के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मौजूद रहे। उन्होंने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान सुर कल्चर सोसायटी के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक भवानी शंकर माली ने बताया कि पिछले 14 वर्षों से राजीव गांधी की स्मृति में देशभक्ति संगीत संध्या आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने 21वीं सदी के आधुनिक भारत की नींव रखी। कंप्यूटर क्रांति, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मताधिकार, पंचायत राज व्यवस्था को मजबूती तथा महिलाओं को आरक्षण देने जैसे कई ऐतिहासिक फैसलों के जरिए उन्होंने देश के विकास को नई दिशा दी।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, पूर्व विधायक एवं समाज कल्याण विभाग की पूर्व अध्यक्ष अर्चना शर्मा, आरटीसी के पूर्व अध्यक्ष राजीव अरोड़ा, आरसीए के पूर्व अध्यक्ष वैभव गहलोत, डीसीसी के पूर्व अध्यक्ष एवं हवामहल विधानसभा प्रत्याशी आर आर तिवारी तथा खेलकूद प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान सहित कांग्रेस पदाधिकारी, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राजीव गांधी के विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।



















