एक माह की निगरानी के बाद बड़े जुआ अड्डे पर छापा, 9.73 लाख नकद सहित आठ गिरफ्तार

0
34

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत न्यू सांगानेर रोड स्थित गोरी विहार विस्तार के एक पेंटहाउस में संचालित अवैध जुए के बड़े अड्डे का भंडाफोड़ किया है।

करीब एक माह तक गुप्त निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मौके से आठ आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर 9.73 लाख रुपए से अधिक की जुआ राशि, 52 ताश की पत्तियां तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के अनुसार सीएसटी टीम पिछले एक माह से गिरोह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी। पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद सुनियोजित रणनीति के तहत पेंटहाउस पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकरण की जांच नारायण विहार थाना पुलिस कर रही है।

इस कार्रवाई में फिरोज उर्फ बबलू उर्फ गन्न्या, शाहिद अहमद, आरिफ, रितेश जैन, पंकज जैन, सुनील जैन, मोहम्मद हुसैन और हनीफ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9,73,520 रुपए नकद, 52 ताश की पत्तियां तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी फिरोज उर्फ बबलू उर्फ गन्न्या थाना नाहरगढ़ क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों में जुआ, आर्म्स एक्ट, मारपीट, चोरी और लोक व्यवस्था भंग सहित 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2019 में हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। हालांकि राजस्थान हाईकोर्ट के 27 अप्रैल 2026 के आदेश की अनुपालना में पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर के 12 मई 2026 के आदेश से उसकी हिस्ट्रीशीट और निगरानी बंद कर दी गई थी। इसके बावजूद आरोपी दोबारा संगठित रूप से अवैध जुआ गतिविधियों में लिप्त मिला, जिस पर सीएसटी ने प्रभावी कार्रवाई की।

जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जुआ, सट्टा या किसी भी अन्य अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here