जयपुर। जयपुर सेंट्रल जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी से मारपीट और धमकी देकर चार माह में 64 हजार रुपये की अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। पीड़ित बंदी की पत्नी ने लालकोठी थाने में दो सजायाफ्ता कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और जेल के भीतर अवैध वसूली के आरोपों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि शास्त्री नगर निवासी 23 वर्षीय विवाहिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पति विष्णु को नवंबर 2025 में आदर्श नगर क्षेत्र में फायरिंग के एक मामले में गिरफ्तार कर जयपुर सेंट्रल जेल भेजा गया था। जहां वह वर्तमान में बंद है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जेल में बंद सजायाफ्ता कैदी ऋषिराज सिंह उर्फ चेतन बन्ना और विक्रम, जो जेल की चीफ जाली (मुख्य प्रवेश द्वार) पर कार्यरत हैं, लंबे समय से बंदियों से अवैध वसूली करते हैं। जेल में एक माह रहने के बाद दोनों ने विष्णु को धमकाना शुरू कर दिया। रुपए नहीं देने पर उसके साथ कई बार मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर परिजनों से रकम मंगवाई गई।
परिवाद के अनुसार आरोपियों ने पिछले चार महीनों में अपने एक रिश्तेदार के बैंक खाते में करीब 64 हजार रुपये जमा करवाकर अवैध वसूली की। लगातार हो रही धमकियों और वसूली से परेशान होकर पीड़ित की पत्नी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ लालकोठी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
जांच अधिकारी एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















