निकाय चुनाव के बाद पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप

0
27

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निकाय चुनाव के बाद भाजपा पर सत्ता और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि पुलिस प्रशासन के माध्यम से कांग्रेस और कांग्रेस समर्थित पार्षदों पर दबाव बनाकर उन्हें भाजपा खेमे में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी बयान में टोंक जिले की दूनी निकाय में कांग्रेस की चेयरमैन उम्मीदवार अर्चना बड़गूजर को पुलिस प्रशासन द्वारा ले जाने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस के अनुसार उनके परिजन न्याय की मांग को लेकर जयपुर पहुंचे। वहीं, झुंझुनूं जिले के मंडावा में कांग्रेस पार्षदों के एकत्र होने के स्थान पर पुलिस द्वारा रेड डालकर पार्षदों पर दबाव बनाने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।

कांग्रेस ने मंडावर में पार्षद के परिजन को पुलिस द्वारा ले जाने का आरोप लगाते हुए बताया कि विधायक ललित यादव ने धरना दिया। अलवर में हुए घटनाक्रम को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जानकारी देते हुए विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस के अनुसार सीकर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनीता गठाला के निवास पर भी पुलिस पहुंची।

करौली और सपोटरा विधानसभा क्षेत्र के पार्षदों पर भी पुलिस प्रशासन द्वारा दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने इन घटनाक्रमों को लोकतंत्र पर प्रहार बताया है। कांग्रेस के अनुसार डोटासरा ने सरकारी मशीनरी और पुलिस प्रशासन के कथित दुरुपयोग के विरोध का निर्णय लिया है।

18 सितंबर को एसपी को सौंपेंगे ज्ञापन

डोटासरा ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिए हैं कि 18 सितंबर को जिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन के माध्यम से नगर निकाय चुनाव में पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे कथित विधि विरुद्ध हस्तक्षेप को रोकने और घटनाओं की निंदा करने की मांग की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here