जयपुर। जयपुर उत्तर पुलिस ने जिले में अपराधियों के खिलाफ 5 और 6 अगस्त को विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। दो दिवसीय अभियान के दौरान 99 पुलिस टीमों ने एक साथ 317 स्थानों पर दबिश देकर 328 अपराधियों को गिरफ्तार किया। अभियान में विभिन्न मामलों में 56 प्रकरण दर्ज किए गए तथा अवैध हथियार, मादक पदार्थ, अवैध शराब, नकदी और एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि जिले में अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम एवं द्वितीय के पर्यवेक्षण में सभी सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने हिस्ट्रीशीटरों, स्थायी वारंटियों, गिरफ्तारी वारंटियों, फरार और इनामी अपराधियों सहित विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों के संभावित ठिकानों पर सघन दबिश और तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के 5, आबकारी अधिनियम के 11, आर्म्स एक्ट के 2, अवैध खनन के 1 तथा अन्य स्थानीय एवं विशेष अधिनियमों के 37 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने कार्रवाई में दो देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, 7 ग्राम स्मैक, 580 पव्वे अवैध शराब और एक ट्रैक्टर जब्त किया। साथ ही जुआ-सट्टे से 6 हजार रुपये तथा अवैध स्मैक बिक्री से प्राप्त 32 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए 328 आरोपियों में 11 विभिन्न मामलों में वांछित, 64 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटी, 3 इनामी अपराधी, 2 आर्म्स एक्ट, 11 आबकारी अधिनियम, 5 एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य अधिनियमों में गिरफ्तार आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।



















