जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए न्यायालय एसीजेएम नंबर-01, नीमकाथाना (जिला सीकर) में पदस्थापित सहायक निदेशक अभियोजन कौशल सिंह राठौड़ को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए जयपुर में रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर परिवादी के पुत्र के विचाराधीन मामले में गंभीर धाराएं हटाने, अभियोजन पक्ष को कमजोर करने और प्रभावी पैरवी नहीं करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि आरोपी सहायक निदेशक अभियोजन परिवादी के पुत्र के नीमकाथाना जेल में बंद संगठित गिरोह से जुड़े प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की धारा 111(4) एवं 308 हटाने, अभियोजन पक्ष को कमजोर करने तथा मुल्जिम के अधिवक्ता के विरुद्ध प्रभावी पैरवी नहीं करने के बदले 3.25 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 3 लाख रुपये रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। तय योजना के अनुसार आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये जयपुर रेलवे स्टेशन के पास परिवादी से लिए, तभी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई एसीबी जयपुर के उपमहानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में सीकर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार तथा पुलिस निरीक्षक सुभाष मील के नेतृत्व में की गई।



















