मोबाइल स्नैचिंग की वारदात करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

0
41
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। माणकचौक थाना पुलिस ने ऑटो चालक से मोबाइल स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए राह चलते लोगों को बातों में उलझाकर मोबाइल व अन्य कीमती सामान छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 22 जुलाई को एक ऑटो चालक ने माणकचौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 जुलाई को बड़ी चौपड़ पर सवारी का इंतजार करते समय दो युवक उससे बातचीत करने लगे। बातचीत में उलझाने के दौरान दोनों उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।

वहीं मामला दर्ज होते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल, सहायक पुलिस आयुक्त पीयूष कविया तथा थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी छीना गया मोबाइल बेचने के लिए शहर के अलग-अलग स्थानों पर घूम रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समीर खान (20) निवासी पचरंग पट्टी, बासबदनपुरा और मोहम्मद फैजान उर्फ लाली (21) निवासी पचरंग पट्टी, बासबदनपुरा, थाना गलतागेट को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार मोहम्मद फैजान का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने शहर में और कितनी मोबाइल स्नैचिंग या अन्य वारदातों को अंजाम दिया है। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here