जयपुर। मुहाना थाना इलाके में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक का कार सवार बदमाशों ने अपहरण करने का प्रयास किया। लेकिन पीड़ित आरोपियों के चुगंल से भाग निकला। जिसके बाद कार सवार बदमाशों ने युवक को कुछ ही दूरी पर फिर से दबोच लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की।
जिसके बाद कार सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित जैसे-तैसे थाने पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात कार सवार बदमाशों के खिलाफ मारपीट व लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।
एएसआई रामचन्द्र ने बताया कि थाना इलाके में स्थित रामपुरा रोड पर रहने वाला 21 वर्षीय रविवार अल सुबह करीब पौने पांच बजे घर से मॉर्निग वॉक पर निकला था। रीको कांटे के पास एक तेज रफ्तार कार उसके पास आकर रुकी। जिसमें 5-6 लड़के नीचे उतरे और उसे पकड़कर जबरन मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान कुछ युवकों ने उसकी तलाशी ली और जबरन उसे कार में बैठाने लगे।
आरोपियों ने खुद को किडनेपर बताया और फिरौती मिलने के बाद छोड़ने की बात कहीं। तभी पीड़ित हिम्मत जुटाते हुए आरोपियों को धक्का देकर भाग निकला। बदमाशों ने पीछा कर दोबारा उसको पकड़ लिया। भागने को लेकर गुस्साए बदमाशों ने पीड़ित को जमीन पर पटक-पटक कर पीटा। लेकिन मॉर्निंग वॉक पर निकले अन्य लोगों को आता देख कार सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटना स्थल व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार सवार बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।



















