बैंक डकैती का मास्टरमाइंड ‘मस्ती’ गिरफ्तार: 4 लाख रुपए और देसी पिस्तौल बरामद

0
42

जयपुर। रामनगरिया थाना क्षेत्र में 14 सितंबर को अक्षय पात्र मंदिर के पास बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कर्मियों से हुई 42 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने मुख्य सूत्रधार मस्तराम मीणा उर्फ मस्ती (28) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 4 लाख रुपए, वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्तौल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में अब तक आरोपियों से कुल 38 लाख रुपए बरामद किए जा चुके हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि 14 सितंबर को दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने हथियार की नोक पर एटीएम में कैश डालने के लिए ले जाए जा रहे करीब 42 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले की जांच के लिए थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं।

जांच में सामने आया कि एटीएम में नकदी डालने का समय निश्चित नहीं था। बदमाशों ने कई दिनों तक रेकी की और तीन दिन की छुट्टियों के बाद एटीएम में अधिक नकदी आने की संभावना का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

इस वारदात के बाद मास्टरमाइंड मस्तराम मीणा उर्फ मस्ती गिरफ्तारी से बचने के लिए कोटा और कोयंबटूर में फरारी काट रहा था। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे जयपुर के इंदिरा गांधी नगर से पकड़ा। पूछताछ में पुलिस अवैध हथियार के स्रोत और लूट की शेष रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

इस मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें अंशु कुमार जाटव (22), निवासी लालपुर, नदबई, भरतपुर, को 16 सितंबर को; सुमित जंगम (26) और पुष्पेंद्र (28), दोनों निवासी चैनपुर, मासलपुर, करौली और हाल निवासी प्रताप नगर जयपुर को 23 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। चौथे आरोपी मस्तराम मीणा उर्फ मस्ती बुधवार को गिरफ्तार किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here