जयपुर। बजाज नगर थाना इलाके के दुर्गापुरा मार्केट में शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी पर बैठी महिला के गले से सोने की चेन तोड़ ली और फरार हो गए। वारदात के दौरान महिला स्कूटी से नीचे गिरते-गिरते बची। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे बाइक पर सवार होकर भाग निकले। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है।
हेड कांस्टेबल मोहन सिंह ने बताया कि सांगानेर निवासी रवि जैन (40) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे रवि जैन अपनी पत्नी मोना जैन के साथ दुर्गापुरा मार्केट में खरीदारी के लिए आए थे। रवि मेडिकल शॉप पर दवाई लेने चले गए, जबकि उनकी पत्नी मोना स्कूटी पर बैठकर पति का इंतजार कर रही थीं।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश कुछ दूरी पर आकर रुके। इनमें से एक बदमाश पैदल महिला के पास पहुंचा और पीछे से उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। अचानक हुए झपट्टे से मोना स्कूटी से नीचे गिरते-गिरते बचीं। चेन तोड़ने के बाद बदमाश दौड़कर अपने बाइक सवार साथी के पास पहुंचा और दोनों मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने वारदात स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बदमाश की करतूत कैद मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों लुटेरों की पहचान और तलाश में जुटी है।



















