बाइक सवार बदमाशों ने महिला का मंगलसूत्र तोड़ा

0
362

जयपुर। वैशाली नगर थाना इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया। पति के साथ घर लौट रही महिला छीना-झपट्टी के दौरान चलती बाइक से नीचे गिरकर घायल हो गई। महिला का एक निजी अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेजों को खंगालने के साथ बाइक सवार लुटेरों की तलाश कर रही है।

जांच अधिकारी एएसआई भगवती सिंह ने बताया कि झोटवाड़ा के शिवपुरी निवासी निखलेश शर्मा (31) ने मामला दर्ज करवाया कि उनकी पत्नी पूजा शर्मा (29) राजसमंद में सरकारी टीचर है। राखी की छुट्‌टी पर वह जयपुर में घर आई हुई थी। रविवार रात को पूजा व निखलेश अपने 6 महीने के बेटे के लिए खिलौने खरीदने के लिए वैशाली नगर आए थे। वैशाली सर्किल से खरीदारी कर रात करीब 9:45 बजे बाइक पर घर जाने के लिए निकले थे। वैशाली नगर में गौतम मार्ग से जाते समय बाइक सवार दो लड़के पीछे से आए। बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर बाइक पर पीछे बैठी पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया।

छीना-झपट्टी कर भागते बदमाशों के धक्का देने से चलती बाइक से वह नीचे गिर गई। वारदात के बाद लुटेरे तेजी से बाइक दौड़ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। रोड पर गिरकर घायल पत्नी को राहगीरों की मदद से निखलेश ने प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पीड़िता के पति निखलेश ने बताया कि पूजा के सिर में पांच टांके आए हैं। हाथ-पैर में भी मामूली चोट आई है। रात भर एडमिट रखने के बाद डॉक्टर्स ने छुट्टी दे दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here