जयपुर। बिंदायका थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में शनिवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कमरे के भीतर 21 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान टोडाभीम निवासी दिनेश उर्फ दंशी बंजारा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
थानाधिकारी अनिल जैमन ने बताया कि घटना सिवार मोड़ पर स्थित ‘श्री होटल एंड रेस्टोरेंट’ की है।शनिवार देर शाम लगभग 7 बजे दिनेश के परिजन उसे तलाशते हुए होटल पहुंचे थे। जब वे दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुए, तो वहां दिनेश अचेत अवस्था में मृत पड़ा मिला। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
शुक्रवार को तीन दोस्तों ने लिया था कमरा
होटल स्टाफ से की गई प्राथमिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। दिनेश अपने दो साथियों- नितेश और संजय के साथ शुक्रवार सुबह करीब सवा 11 बजे होटल आया था। तीनों ने मिलकर कमरे को किराए पर लिया था। दिनेश की मौत के बाद उसके दोनों साथी मौके से गायब मिले। पुलिस का मानना है कि कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में दिनेश की मौत होने के बाद उसके दोनों साथी घबराकर या साक्ष्य छुपाने की नीयत से उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नजदीकी कांवटिया अस्पताल के मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। थानाधिकारी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस फरार दोनों दोस्तों की तलाश में जुटी है और मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।



















