हिस्ट्रीशीटर पर चला बुलडोजर: जयपुर में दो करोड़ का अवैध कब्जा ध्वस्त

0
37
Bulldozer Action Against History-Sheeter: Illegal Encroachment Worth ₹2 Crore Demolished in Jaipur
Bulldozer Action Against History-Sheeter: Illegal Encroachment Worth ₹2 Crore Demolished in Jaipur

जयपुर। राजधानी में पुलिस-प्रशासन ने हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुहाना थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर शंकर लुहार का करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का अवैध कब्जा ध्वस्त कर दिया। आरोपी पिछले 12 से 13 वर्षों से सरकारी जमीन पर कब्जा जमाए बैठा था।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि बुधवार को मुहाना थाना पुलिस और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की संयुक्त टीम ने डिग्गी रोड स्थित मुहाना मोड़ के पास कार्रवाई की। जेसीबी मशीनों की मदद से कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शंकर पुत्र गोपी गाड़िया लुहार द्वारा किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब 200 वर्ग गज सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण कर रखा था, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। शंकर लुहार क्षेत्र में लोगों को डराकर और धमकाकर दहशत का माहौल बनाए हुए था। विरोध करने वालों के साथ मारपीट की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।

पुलिस ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर निकास मार्ग भी बंद कर दिया था, जिससे स्टेट हाईवे पर यातायात प्रभावित हो रहा था और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। कार्रवाई के दौरान पूरे अतिक्रमण को हटाकर रास्ता खुलवाया गया।

मुहाना थाने का हिस्ट्रीशीटर शंकर लुहार के खिलाफ 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ 151/110 सीआरपीसी और 129 बीएनएसएस के तहत 7 इस्तगासे भी न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं। वर्ष 2015 में उस पर चोरी और नकबजनी के 10 मामले दर्ज हुए थे, जबकि 2016 में मारपीट का मामला भी सामने आया था।

डीसीपी राजर्षि राज ने कहा कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक गतिविधियों से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर आगे भी कुर्की और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here