नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 44 हजार रुपए कैरिंग चार्ज वसूल किया 14 कैंटर सामान जब्त

0
54

जयपुर। नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने शुक्रवार को शहरभर में अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशानुसार और पूर्व में मिली शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में निगम टीम ने विभिन्न क्षेत्रों से 44 हजार 500 रुपए का कैरिंग चार्ज वसूल किया तथा 14 कैंटर सामान जब्त कर निगम गोदाम भिजवाया।

उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में निगम की टीम ने रामगंज बाजार, रामगंज चौपड़, घोड़ा निकास रोड, शिकारियों का खुर्रा, चार दरवाजा, रूई वालों का मोहल्ला, घाटगेट बाजार, जनता कॉलोनी, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार, सिंधी कैंप बस स्टैंड, हाथी बाबू का हत्था, विवेक विहार मेट्रो स्टेशन, देवी नगर गुर्जर की थड़ी, हवा सड़क सोडाला, ब्रह्मपुरी बस स्टैंड, लालकोठी सब्जी मंडी, प्रभुदयाल मार्ग, प्रताप नगर कोचिंग हब, जेके लोन अस्पताल के सामने, जनपथ विधानसभा के पीछे, करतारपुरा नाला, झोटवाड़ा पुलिया के नीचे स्थित सब्जी मंडी और जोशी मार्ग बस स्टॉप कालवाड़ रोड सहित कई इलाकों में कार्रवाई की।

निगम अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण हटवाए गए। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सामान को 14 कैंटरों में भरकर निगम गोदाम पहुंचाया गया। वहीं मौके पर ही अतिक्रमण करने वालों से 44 हजार 500 रुपए का कैरिंग चार्ज भी वसूला गया।

सतर्कता शाखा की टीम ने कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और ठेला संचालकों को समझाइश देते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर भारी जुर्माना और सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here