जयपुर समेत पांच शहरों में होंगे कुकिंग ऑडिशन: महिलाओं को मिलेगा किचन क्वीन बनने का मौका

0
43
Cooking auditions to be held in five cities, including Jaipur.
Cooking auditions to be held in five cities, including Jaipur.

जयपुर। राजस्थान की समृद्ध पाक परंपरा और महिलाओं की पारंपरिक पाक-कला को नई पहचान देने के उद्देश्य से ‘उमंग टुडेज़ विमेन’ द्वारा नीलम स्टेनलेस स्टील के सहयोग से राज्य की सबसे बड़ी कुकिंग प्रतियोगिता ‘किचन क्वीन ऑफ़ राजस्थान’ का आयोजन किया जाएगा। महाराष्ट्र में मिली सफलता के बाद यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता पहली बार राजस्थान में आयोजित हो रही है।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्यभर की प्रतिभाशाली महिलाओं को अपनी पाक-कला प्रदर्शित करने का अवसर देना, उन्हें राज्यस्तरीय पहचान दिलाना तथा राजस्थान की समृद्ध खान-पान संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

प्रतियोगिता पूरी तरह शुद्ध शाकाहारी व्यंजनों पर आधारित होगी। इसमें दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे की सब्ज़ी, केर-सांगरी, बाजरे के पारंपरिक व्यंजन, मिठाइयों सहित राजस्थान की विरासत से जुड़े पारंपरिक व्यंजनों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। प्रतिभागियों का मूल्यांकन स्वाद, प्रस्तुति, मौलिकता, पारंपरिकता और व्यंजन की सांस्कृतिक विरासत के आधार पर किया जाएगा।

‘उमंग टुडेज़ विमेन’ की ट्रस्टी एवं चीफ कम्युनिटी ऑफिसर निकिता ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल कुकिंग प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उन महिलाओं के लिए सशक्त मंच है, जिनके हाथों का स्वाद वर्षों से परिवारों की पहचान रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से महिलाओं को राज्यस्तरीय पहचान मिलने के साथ राजस्थान की समृद्ध पाक विरासत को भी नई पहचान मिलेगी।

प्रतियोगिता के ऑडिशन जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर में आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागी अपने घर पर तैयार व्यंजन विशेषज्ञ निर्णायकों के समक्ष प्रस्तुत करेंगी। प्रत्येक शहर से पांच श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन कर कुल 25 फाइनलिस्ट ग्रैंड फिनाले में ‘किचन क्वीन ऑफ़ राजस्थान’ के खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

ग्रैंड फिनाले में शीर्ष तीन विजेताओं को ‘किचन क्वीन ऑफ़ राजस्थान’ का सम्मानजनक खिताब प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक विजेता को 10 हजार रुपये मूल्य के आकर्षक गिफ्ट हैम्पर से सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here