कूरियर एजेंट को चाकू की नोंक पर बंधक बनाकर 38 लाख रुपए लूटे

0
14

जयपुर। मानसरोवर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने कूरियर एजेंट को चाकू की नोंक पर बंधक बनाकर 38 लाख रुपए लूट लिए। आरोपियों ने एजेंट के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी दी और कूरियर कंपनी के रायपुर स्थित कार्यालय में फोन करवाकर रकम मंगवाई। इसके बाद बदमाश उसे चलती गाड़ी से बाहर फेंककर फरार हो गए। इस संबंध में पीड़ित ने रविवार को थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

थानाधिकारी सतीश चन्द ने बताया कि माणक चौक क्षेत्र के रामलला का रास्ता निवासी ठाकुर जुगाजी (34) एक कूरियर कंपनी में काम करता है। उसने रिपोर्ट में बताया कि 26 अगस्त को सुबह रायपुर कूरियर कार्यालय से उसके पास फोन आया। कार्यालय की ओर से बताया गया कि गुप्ता रियल एस्टेट से उसके पास कॉल आएगा और कूरियर पार्सल के संबंध में जानकारी देनी है।

करीब एक घंटे बाद एक युवक ने फोन कर खुद को गुप्ता रियल एस्टेट से बताया और पार्सल देने के लिए उसे मानसरोवर स्थित जयपुर हॉस्पिटल के पास बुलाया। पीड़ित वहां पहुंचा तो एक इनोवा गाड़ी में चार युवक मिले। आरोपियों ने पार्सल देने के बहाने उसे गाड़ी में बुलाया।

जुगाजी के गाड़ी में बैठते ही चारों बदमाशों ने चाकू दिखाकर उसे बंधक बना लिया। आरोपियों ने गाड़ी में रखे पार्सल में 38 लाख रुपए होने की बात कही। इसके बाद एजेंट के साथ मारपीट कर उसे धमकाया गया और रायपुर कार्यालय में फोन कर 38 लाख रुपए की रकम आरोपियों के साथी को देने के लिए कहा गया।डर के कारण पीड़ित ने कार्यालय में फोन कर बदमाशों के कहे अनुसार रकम देने के लिए कहा।

इसके बाद रायपुर कार्यालय की ओर से वहां पहुंचे आरोपियों के साथी को 38 लाख रुपए दे दिए गए। रकम मिलने की पुष्टि होते ही बदमाशों ने जुगाजी को चलती इनोवा से बाहर फेंक दिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here