आईओसीएल पाइपलाइन में अवैध वाल्व लगाकर क्रूड ऑयल चोरी करने वाला गिरफ्तार

0
20
Person arrested for stealing crude oil from IOCL pipeline by installing an illegal valve.
Person arrested for stealing crude oil from IOCL pipeline by installing an illegal valve.

जयपुर। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की भूमिगत सलाया-मथुरा पाइपलाइन (एसएमपीएल-24) में अवैध वाल्व लगाकर करीब 8 लाख लीटर यानी 36 टैंकर ज्वलनशील क्रूड ऑयल चोरी करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले का निवासी रविन्द्र धारी यादव (60) है। वह वर्तमान में गुजरात के भरूच में रह रहा था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 9 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि मार्च-अप्रैल 2025 के दौरान ब्यावर जिले की मसूदा तहसील के नासून गांव में चरागाह भूमि से गुजर रही आईओसीएल की भूमिगत पाइपलाइन को निशाना बनाया गया। आरोपियों ने पाइपलाइन में अवैध रूप से वाल्व लगाया और लोहे व हाइड्रोलिक प्लास्टिक पाइप को फ्लैन्ज के जरिए जोड़ दिया।

इसके बाद करीब 285 मीटर लंबी नाली खोदकर पाइपलाइन दबाई गई, जिसके जरिए बड़ी मात्रा में क्रूड ऑयल निकालकर चोरी किया गया। इस तरह आरोपियों ने करीब 8 लाख लीटर ज्वलनशील क्रूड ऑयल, जिसकी मात्रा लगभग 36 टैंकर के बराबर थी, चोरी कर लिया। मामले में आईओसीएल ब्यावर के सहायक प्रबंधक संजय कुमार सेन की रिपोर्ट पर एसओजी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और एसओजी की गठित टीम ने घटनास्थल से एफएसएल, साइबर, फुटप्रिंट और फिंगरप्रिंट साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों के बीटीएस डेटा और सीडीआर का विश्लेषण किया गया। संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों को आपस में जोड़ने पर रविन्द्र धारी यादव की भूमिका सामने आई। इसके बाद एसओजी टीम ने उसकी तलाश शुरू की और उसे गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया।

एसओजी अधिकारियों के अनुसार, करोड़ों रुपए के इस बड़े क्रूड ऑयल चोरी प्रकरण में कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब रिमांड पर लिए गए रविन्द्र धारी यादव से गिरोह की कार्यप्रणाली, चोरी किए गए क्रूड ऑयल की खपत और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

एसओजी का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आने वाली जानकारियों के आधार पर मामले में शामिल अन्य वांछित और संदिग्ध आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में क्रूड ऑयल चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के तेल की सप्लाई से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here