जयपुर। आईपीएल मुकाबले से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी अभिषेक शर्मा ने शुक्रवार को अपनी मां के साथ जयपुर स्थित गोविंद देव जी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर में उनकी मौजूदगी की जानकारी मिलते ही फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे वे कुछ देर के लिए असहज भी नजर आए।
अभिषेक शर्मा ने मंदिर की चौखट पर बैठकर आरती की और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें गोविंद देव जी का प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया। इस दौरान पुजारियों ने उनके हाथों से पूजा संपन्न करवाई।
हालांकि खिलाड़ी ने सफेद मास्क पहन रखा था, लेकिन फैंस ने उन्हें पहचान लिया और फोटो-वीडियो बनाने लगे। एक मौके पर उन्होंने एक फैन को कैमरा बंद करने के लिए टोका भी। मंदिर परिसर में बढ़ती भीड़ के बीच उन्होंने गोविंद देव जी की परिक्रमा की और कुछ फैंस के आग्रह पर सीमित संख्या में सेल्फी भी दी।
दर्शन के बाद अभिषेक अपनी मां का हाथ थामे भीड़ के बीच से बाहर निकलते नजर आए। सुरक्षा कर्मियों ने भी व्यवस्था संभालते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर तक पहुंचाया। गौरतलब है कि सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच 25 अप्रैल को जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा। इसी मैच के लिए अभिषेक शर्मा 22 अप्रैल को ही अपनी मां के साथ जयपुर पहुंच गए थे।



















