जानकी नवमी आज: चांदपोल स्थित रामचंद्र जी मंदिर में सजेगा दिव्य दरबार

0
44
Janaki Navami Today: A Divine Court to be Adorned at the Ramchandra Ji Temple in Chandpole.
Janaki Navami Today: A Divine Court to be Adorned at the Ramchandra Ji Temple in Chandpole.

जयपुर। राजधानी जयपुर के चांदपोल बाजार स्थित मंदिर श्री रामचंद्र जी में शनिवार को जानकी नवमी का पावन पर्व इस वर्ष श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला दिनभर चलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

मंदिर के महंत नरेंद्र तिवारी ने बताया कि प्रातःकाल भगवान श्री रामचंद्र जी एवं माता जानकी का विधिवत पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इस अभिषेक में विशेष रूप से 101 किलो देसी गाय के दूध का उपयोग किया जाएगा। अभिषेक के उपरांत भगवान का दिव्य श्रृंगार बहुमूल्य रत्नजड़ित आभूषणों एवं सुगंधित फूल मालाओं से किया जाएगा, जिससे मंदिर परिसर अलौकिक आभा से आलोकित हो उठेगा। इस अवसर पर भगवान को सोने-चांदी के चरण आभूषण जैसे कड़े, चरण फूल एवं पायल भी धारण करवाई जाएंगी।

दोपहर 2 बजे भगवान की जन्म आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होकर जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे। सुबह से रात्रि तक निरंतर बधाई उत्सव के तहत भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।

मंदिर के महंत नरेंद्र तिवारी ने बताया कि वर्ष में केवल जानकी नवमी के दिन ही माता सीता के चरणों के दर्शन होते हैं, जिसके लिए दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इस विशेष अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

आयोजन को लेकर मंदिर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं, ताकि श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें और पर्व का आध्यात्मिक आनंद ले सकें। वहीं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुगम दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। बैरिकेडिंग और सुरक्षा के साथ-साथ गर्मी को देखते हुए छाया व पेयजल की व्यवस्था भी की गई है ताकि भक्त शांतिपूर्ण तरीके से आध्यात्मिक लाभ उठा सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here