पांच हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

0
80
Criminal with a ₹5,000 reward on his head arrested.
Criminal with a ₹5,000 reward on his head arrested.

जयपुर। राजधानी जयपुर की प्रताप नगर थाना पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश पीयूष जायसवाल (31) को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर की सटीक सूचना और पुलिस की रणनीतिक कार्रवाई के चलते आखिरकार वह पुलिस के शिकंजे में आ गया।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि शहर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त हरिशंकर शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी पूरण मल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2025 में दर्ज अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में वांछित था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी मूल रूप से दौसा जिले के लालसोट का निवासी है और वर्तमान में मुहाना क्षेत्र में रह रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीयूष जायसवाल का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। उसके खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में पहले से मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों व आपराधिक नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here