जयपुर। बगरू थाना पुलिस ने पशु चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन एवं भैंस बिक्री की नकद राशि बरामद की है। आरोपी ने बगरू के साथ दूदू क्षेत्र में भी भैंस चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशान्त किरण ने बताया कि बगरू थाना पुलिस ने पशु चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए शातिर आरोपी आरोपी फरीद मोहम्मद (19) पुत्र इकबाल मोहम्मद निवासी डिग्गी जिला टोंक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भैंस बिक्री के 10 हजार रुपए तथा चोरी में प्रयुक्त पिकअप जब्त की है।
पुलिस गैंग के अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बावरिया गैंग के अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने दूदू क्षेत्र के ग्राम सेवा इलाके से भी भैंस चोरी करना स्वीकार किया।
बगरू थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार गोदारा ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस घटनास्थल से जयपुर शहर और रिंग रोड की ओर जाने वाले रास्तों के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध पिकअप वाहन का रोडमैप तैयार किया।
जांच के दौरान वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन नंबर आरजे-26 जीए-5758 की पहचान कर पुलिस टीम ने टोंक जिले के डिग्गी थाना क्षेत्र स्थित इस्लामपुरा गांव में दबिश देकर आरोपी को वाहन सहित दस्तयाब कर लिया।



















