फर्जी विकलांगता प्रमाण पत्र से जेवीवीएनएल में नौकरी पाने वाला शातिर संदीप सैनी गिरफ्तार

0
34
Cunning Sandeep Saini Arrested
Cunning Sandeep Saini Arrested

जयपुर। सरकारी नौकरियों में फर्जीवाड़े और डमी अभ्यर्थियों के जरिए नियुक्ति हासिल करने के मामलों में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने एक और कार्रवाई करते हुए जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) में फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी पाने वाले आरोपी संदीप सैनी को गिरफ्तार किया है। आरोपित पिछले दो महीनों से फरार चल रहा था, जिसे एसओजी ने गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बसंल ने बताया कि 6 मार्च 2026 को सवाई मानसिंह अस्पताल के ईएनटी विभागाध्यक्ष एवं नर्सिंग प्रभारी की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी कि जेवीवीएनएल कर्मचारी संदीप सैनी का मेडिकल बोर्ड के समक्ष ‘बेरा’ एवं ‘पीटीए’ टेस्ट होना था, लेकिन जांच के दौरान उसके स्थान पर अशोक कुमार जाट नामक युवक अस्पताल पहुंचा था।

डॉक्टरों ने आधार और जनआधार कार्ड की जांच के दौरान पहचान में गड़बड़ी पकड़ ली, जिसके बाद अशोक कुमार जाट को मौके पर ही पकड़ लिया गया। मामले में एसओजी थाने में बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी संदीप सैनी ने पहले बीडीके अस्पताल से ‘हेमीपेरेसिस’ का दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाया था। बाद में उसने कथित रूप से कूटरचना कर उसकी जगह ‘हियरिंग इम्पेयरमेंट’ (मूक-बधिर) का फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर लिया और दिव्यांग कोटे से जेवीवीएनएल में टेक्निकल हेल्पर-तृतीय के पद पर नियुक्ति हासिल कर ली।

जहां कार्मिक विभाग के निर्देशानुसार संदीप सैनी का दोबारा मेडिकल परीक्षण कराया जाना था। रि-मेडिकल में फर्जीवाड़ा उजागर होने के डर से उसने अपने परिचित अशोक कुमार जाट को 10 हजार रुपए देकर अपनी जगह मेडिकल जांच में भेजा था।

काम सफल होने पर अधिक रकम देने का भी लालच दिया गया था। एसओजी के अनुसार आरोपी संदीप सैनी झुंझुनू जिले के बबाई क्षेत्र स्थित मामराज की ढाणी का निवासी है और वर्तमान में जेवीवीएनएल सांगानेर में टेक्निकल हेल्पर-III के पद पर कार्यरत था।

एसओजी ने बताया कि आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र तैयार करने वाले नेटवर्क, संभावित सरकारी अधिकारियों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here