फर्जी बीपीएड डिग्री से बना शारीरिक शिक्षक एसओजी के शिकंजे में

0
30
Physical Education Teacher Appointed on Basis of Fake B.P.Ed. Degree Caught in SOG's Net
Physical Education Teacher Appointed on Basis of Fake B.P.Ed. Degree Caught in SOG's Net

जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) राजस्थान ने शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2022 में फर्जी बी.पी.एड डिग्री के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी शारीरिक शिक्षक राजेश कुमार फागणा को अलवर से गिरफ्तार किया है। आरोपी कोटपूतली-बहरोड़ जिले के फागणों की ढाणी, खड़ब का निवासी है।

एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बसंल ने बताया कि कर्मचारी चयन बोर्ड राजस्थान द्वारा आयोजित शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2022 में बी.पी.ई.एड की मार्कशीट अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता थी। जांच में सामने आया कि आवेदन के समय आरोपी राजेश कुमार फागणा के पास यह योग्यता मौजूद नहीं थी, लेकिन उसने कथित रूप से फर्जी तरीके से आवेदन में बी.पी.ई.एड योग्यता दर्शाई।

जांच के अनुसार आरोपी ने बाद में जे.एस.विश्वविद्यालय से शिक्षा सत्र 2017-19 की बैक-डेट में तैयार करवाई गई फर्जी बी.पी.ई.एड डिग्री और मार्कशीट हासिल की। यह डिग्री कथित रूप से दलाल पंकज जैन और पवन सिंह चौहान के माध्यम से तैयार करवाई गई थी। इसी आधार पर आरोपी ने वर्ष 2023 में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, मारकपुर, गोविंदगढ़ (अलवर) में शारीरिक शिक्षक के पद पर नियुक्ति प्राप्त कर ली।

एसओजी ने इस मामले में आरोपी राजेश कुमार फागणा, जे.एस. यूनिवर्सिटी के पदाधिकारियों तथा अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पंकज जैन और पी.एस. चौहान के साथ मिलकर विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों सुकेश कुमार और नंदन कुमार मिश्रा की मिलीभगत से फर्जी डिग्री तैयार करवाई थी।

इस मामले में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर सुकेश कुमार और नंदन कुमार मिश्रा को 6 मार्च को गिरफ्तार कर 9 मार्च को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी राजेश कुमार फागणा, पंकज जैन और पी.एस. चौहान गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहे थे।

एसओजी ने जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 17 मई को राजेश कुमार फागणा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here