नकबजनी की वारदात करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0
33
Main Accused in Burglary Case Arrested
Main Accused in Burglary Case Arrested

जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट की कोटखावदा थाना पुलिस ने नकबजनी की एक वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित और चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के गहनों को गलाकर तैयार किए गए नए जेवरात और चोरी की रकम से खरीदी गई एक कार भी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि कोटखावदा थाना पुलिस ने नकबजनी की एक वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित लोकेश मीणा (21) निवासी दौसा हाल जामडोली और रजत सोनी (27) निवासी जामडोली गिरफ्तार किया है। लोकेश मीणा के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने उसके पास से चोरी के गहनों को गलाकर तैयार किए गए नए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी लोकेश मीणा ने चोरी के गहने बेचकर मिले पैसों से एक लग्जरी कार खरीदी थी। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है।

थानाधिकारी भरतलाल महर ने बताया कि रामनगर निवासी बद्रीनारायण मीणा ने 18 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनका पुत्र और बहू 1 अप्रैल को जमवारामगढ़ डॉक्टर को दिखाने गए थे। 5 अप्रैल को लौटने पर घर के बेडरूम के बॉक्स में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। चोर करीब 750 ग्राम चांदी की कणकती, 250 ग्राम चांदी की पायजेब, 250 ग्राम हथफूल और 12 ग्राम सोने का जंतर चोरी कर ले गए थे।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त भवानी सिंह के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी शाखा और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी लोकेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी के कुछ गहने बरामद करवाए और शेष जेवरात सुनार को बेचने की बात कबूल की।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर चोरी का माल खरीदने वाले सुनार रजत सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। वहीं कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी भरत लाल महर, हेड कांस्टेबल रामसिंह, श्रवणलाल, नेमीचंद, बृजेंद्र सिंह, कांस्टेबल बलराम, सुभाष चंद्र, सीताराम, मुरारीलाल, महिला कांस्टेबल लालीदेवी और चालक कांस्टेबल गोविंद नारायण की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here