आठ दिन से लापता युवती का कुएं में मिला सड़ा-गला शव

0
44

जयपुर। जयपुर ग्रामीण के जमवारामगढ़ क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कुएं में 20 वर्षीय युवती का सड़ा-गला शव मिला। सूचना पर पुलिस, प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट के रेस्क्यू अभियान के बाद शव को कुएं से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया।

पुलिस के अनुसार मृतका 16 जून से लापता थी। परिजनों ने काफी तलाश के बाद 18 जून को जमवारामगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

थानाधिकारी भगवान सहाय मीणा ने बताया कि युवती का शव उसके घर से महज 200 मीटर दूर स्थित एक कुएं में मिला। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका है कि वह करीब सात से आठ दिन पुराना है। ग्रामीणों के अनुसार जिस कुएं में शव मिला, वहां लोगों की नियमित आवाजाही रहती है। ऐसे में इतने दिनों तक शव का कुएं में पड़े रहना कई सवाल खड़े कर रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

थानाधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here