जयपुर। ज्येष्ठ अधिक मास के अवसर पर गोविंद देव जी मंदिर में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में श्री नारायण पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ आयोजित किया गया। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में हुए आयोजन में पांच पारियों में 300 से अधिक श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, राष्ट्र उन्नति एवं मानव कल्याण की कामना से आहुतियां अर्पित कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक सोहनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में देव आवाहन एवं षोडशोपचार पूजन संपन्न कराया गया। आचार्य पीठ से गायत्री कचोलिया, गायत्री तोमर एवं डॉ. अजय भारद्वाज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ संपन्न करवाया।
वक्ताओं ने अधिक मास को भगवान विष्णु का प्रिय पुरुषोत्तम मास बताते हुए जप, तप, दान, सेवा और आत्मशुद्धि का विशेष महत्व बताया। महायज्ञ में “ॐ नारायणाय विद्महे, वासुदेवाय धीमहि तन्नो विष्णुः प्रचोदयात्” मंत्र के साथ गायत्री महामंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र से विशेष आहुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में प्रज्ञा गीतों की प्रस्तुति, पंचतत्व पूजन, पर्यावरण संरक्षण एवं पक्षियों के लिए परिंडे लगाने का संदेश भी दिया गया। अंत में शांति पाठ, भजन, परिक्रमा और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



















