पुलिस महानिदेशक ने गोद लिए सांगानेर थाने का किया निरीक्षण

0
51

जयपुर। राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को अपने गोद लिए ‘सांगानेर पुलिस थाने‘ का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड संधारण, लंबित प्रकरणों, अपराध अनुसंधान और पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय से जारी ‘उत्कृष्ट थाना मार्गदर्शिका‘ के अनुरूप कार्यों को गति देकर आदर्श थाना बनाने की दिशा में प्रयास किए जाए। उल्लेखनीय है कि पुलिस महानिदेशक ने सांगानेर थाने से ही अपनी पुलिस सेवा की शुरुआत की थी।

शर्मा ने थाने में महत्वपूर्ण फाइलों के संधारण को अधिक बेहतर करने और लम्बित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना रिकॉर्ड, अपराध अनुसंधान, प्रशासनिक कार्यों और आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाने की कार्यप्रणाली को मानकों के अनुरूप विकसित किया जाए। प्रत्येक कार्य का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित होना चाहिए। निरीक्षण में थाना प्रभारी ने कार्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

शर्मा ने कहा कि प्रकरणों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों और प्राथमिकता वाले कार्यों को थाना स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों, वारंट निष्पादन, निरोधात्मक कार्रवाई और नागरिक सेवाओं से जुड़े मामलों में समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट किया कि थाना स्तर पर वास्तविक सुधार सुनिश्चित होने चाहिए। उन्होंने कहा कि 15 दिन बाद फिर से थाने का दौरा करेंगे और निर्देशों की पालना तथा कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था को पूर्ण संवेदनशील और प्रभावी बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी श्री कुंवर राष्ट्रदीप सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस-2025 के निर्देशों की पालना में प्रदेश के 10 वर्ष से अधिक अनुभव वाले आईपीएस अधिकारियों ने एक-एक पुलिस थाना गोद लिया है। इनमें अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता, लंबित मामलों के निस्तारण, वारंट निष्पादन, सड़क सुरक्षा और जनसेवा के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here