बीमारी से परेशान एक बुजुर्ग महिला ने 14वीं मंजिल से कूदकर दी जान

0
36
The thief jumped from the first floor
The thief jumped from the first floor

जयपुर। राजधानी के हरमाड़ा थाना क्षेत्र स्थित सीकर रोड के सनसिटी परिसर में स्थित जयविलास अपार्टमेंट में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने 14वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि लक्ष्मी जैन (82) पत्नी रामचंद्र जैन अपनी बेटी और दामाद के साथ जयविलास अपार्टमेंट में रहती थीं। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से बीमार थीं तथा उन्हें कम दिखाई देता था। बुधवार को उनकी बेटी और दामाद किसी आवश्यक कार्य से अजमेर गए हुए थे। सुरक्षा की दृष्टि से फ्लैट को बाहर से लॉक कर वे रवाना हुए थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब पांच बजे लक्ष्मी जैन ने फ्लैट की बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। सुबह सोसायटी के लोगों ने उन्हें अपार्टमेंट परिसर में लहूलुहान और बेसुध अवस्था में पड़ा देखा तथा तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें कांवटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच और एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग महिला लंबे समय से बीमारी और शारीरिक परेशानियों से जूझ रही थीं, जिससे वह मानसिक रूप से भी परेशान थीं।

थानाधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके जयपुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here