कर्मचारी महासंघ ने की ठेका व संविदा कर्मियों के लिए बोर्ड गठन की मांग

0
51

जयपुर। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में बुधवार को कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री कार्यालय में विभिन्न कर्मचारी हितों से जुड़ी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

महासंघ ने बताया कि यह ज्ञापन हाल ही में प्रदेशभर में आयोजित ‘कर्मचारी जागृति यात्रा’ के दौरान कर्मचारियों से प्राप्त मांग-पत्रों के आधार पर तैयार किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुरूप ठेका, निविदा एवं संविदा कर्मियों के नियमितीकरण के लिए कार्मिक विभाग के अधीन शीघ्र बोर्ड का गठन करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि बड़ी संख्या में ठेका और संविदा कर्मी वर्षों से अल्प मानदेय पर सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू कर उन्हें राहत प्रदान की जाए।

महासंघ ने राज्य के वाहन चालकों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाते हुए उनके लिए पदोन्नति के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने तथा हार्ड ड्यूटी अलाउंस देने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में देवेंद्र सिंह नरूका, शेर सिंह यादव, अजय वीर सिंह, ओमप्रकाश चौधरी, नरपत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। महासंघ ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here