जमीन बेचने के बाद 8.40 लाख नहीं मिलने पर किसान ने जहर खाकर दी जान

0
54

जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में एक किसान ने खेत में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले किसान ने वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी मौत का कारण रमेश बांगड़ा को बताते हुए आरोप लगाया कि उसकी जमीन धोखे से बेच दी गई और इसके बदले उसे 8.40 लाख रुपए नहीं दिए गए। किसान ने वीडियो में कहा कि वह लंबे समय से रुपए के लिए चक्कर काट रहा है, लेकिन उसे एक रुपया भी नहीं मिला। मामले में पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चाकसू सहायक पुलिस आयुक्त भवानी सिंह ने बताया कि किसान रामस्वरूप बैरवा (45) पुत्र गोविंदराम घर के पीछे स्थित खेत में गया था। 25 सितंबर को करीब 11 बजे परिजन खेत में पहुंचे तो रामस्वरूप अचेत हालत में मिला। परिजन उसे तत्काल जयपुर स्थित आरयूएचएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

जांच के दौरान पुलिस को रामस्वरूप के मोबाइल में करीब छह महीने पहले हाथ से लिखे गए दो पन्नों की तस्वीरें भी मिली हैं। एक पन्ने में उसने रमेश को संबोधित करते हुए लिखा था कि उसे रुपयों की सख्त जरूरत है और उसे तत्काल पैसों की आवश्यकता है। दूसरे पन्ने में उसने रमेश बांगड़ा पर रुपए नहीं देने और लगातार चक्कर लगवाने का आरोप लगाते हुए लिखा कि वह उसे रोजाना चकमा दे रहा है और रुपए के अभाव में वह परेशान है।

मृतक रामस्वरूप की पत्नी सीमा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि रमेश बांगड़ा ने करीब पांच साल पहले धोखे से जमीन की रजिस्ट्री करवा ली थी। जमीन बेचने के बाद आरोपी ने 8.40 लाख रुपए नहीं दिए। पत्नी के अनुसार रामस्वरूप लगातार रुपए मांग रहा था, लेकिन आरोपी कथित तौर पर उसे धमकी देता था कि कुछ भी कर लो, पैसे नहीं दूंगा। पुलिस ने रमेश बांगड़ा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वीडियो, मोबाइल में मिले दस्तावेज और जमीन के लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here