अंतरराज्यीय ‘बिच्छू गैंग’ के चार आरोपी गिरफ्तार

0
29

जयपुर। जयपुर ग्रामीण की मौखमपुरा थाना पुलिस ने पालू खुर्द गांव में हुई करीब 51 लाख रुपए की नकबजनी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय ‘बिच्छू गैंग’ के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, नकबजनी, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। आरोपी हाल में उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में भी शामिल रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों से चोरी के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों और शेष माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि 7 जुलाई को पालू खुर्द निवासी प्रताप सिंह पुत्र नारायण सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर घर में घुसे और सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी से भरी लोहे की अलमारी उठाकर ले गए। चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 51 लाख रुपए बताई गई।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एएसपी दूदू शिवलाल बैरवा, एएसपी अनुपम मिश्रा और थानाधिकारी सुरेश कुमार गुर्जर के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने एनएच-48 पर करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 200 संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध एर्टिगा कार दिखाई दी। कार के आगे के टायर पर व्हील कैप नहीं लगी थी। पुलिस ने इस छोटी सी कमी को महत्वपूर्ण सुराग माना और कार का करीब 600 किलोमीटर तक पीछा करते हुए उरई (जालौन, उत्तर प्रदेश) पहुंचकर अंकित राजपूत उर्फ शूटर (19) निवासी मेहरा, थाना बिवार, जिला हमीरपुर, राघवेंद्र राजपूत उर्फ रघु (24) निवासी मेहरा, थाना बिवार, हमीरपुर, बृजेंद्र (23) निवासी बिलगांव पतरिया डेरा, थाना जलालपुर, हमीरपुर और जयहिंद सोनी (32) निवासी तुर्रा महार, थाना पनवाड़ी, जिला महोबा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग में करीब 8 से 10 सदस्य होने की जानकारी मिली है। आरोपी एर्टिगा कार से वारदात के लिए निकलते थे। पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य गूगल मैप की मदद से राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास बसे गांवों में बड़े और आलीशान मकानों की तलाश करते थे। इसके बाद वारदात से पहले इलाके और आने-जाने के रास्तों की रेकी की जाती थी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने साथ अवैध हथियार और देशी कट्टे रखते थे। किसी के जाग जाने या विरोध करने पर फायरिंग कर फरार होने की योजना रहती थी।
पुलिस के अनुसार पालू खुर्द में वारदात के बाद आरोपी लोहे की अलमारी को नरैना रोड, दूदू के सुनसान इलाके में ले गए। वहां अलमारी तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी निकाल ली और अलमारी वहीं छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक सोने का बाजूबंद, एक सोने का बोरला और एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश, शेष चोरी के माल की बरामदगी और आरोपियों से जुड़ी अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here